क्लोज-अप (ट्रांजीशन पीरियड) राशन में पोषण की आवश्यकता
Back
क्लोज-अप (ट्रांजीशन पीरियड) राशन में पोषण की आवश्यकता
04.04.2026

ब्याने से 2–3 सप्ताह पहले का समय, जिसे अक्सर "क्लोज-अप पीरियड" कहा जाता है, दुधारू पशुओं के जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण चरण होता है। इस दौरान सही पोषण प्रबंधन सीधे तौर पर गाय के स्वास्थ्य, दूध उत्पादन और पूरे आगामी दुग्धकाल (लैक्टेशन) तथा प्रजनन दर को प्रभावित करता है। इस महत्वपूर्ण अवधि के दौरान पोषण संबंधी आवश्यकताओं के लिए मुख्य विचार नीचे दिए गए हैं।

शुष्क पदार्थ सेवन

पूरे दुग्धकाल में सबसे कम शुष्क पदार्थ सेवन (DMI) क्लोज-अप अवधि में पाया जाता है। यह सामान्यतः शरीर के वजन का 1.5% से 2% के बीच होता है। यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण पैरामीटर है; शुष्क पदार्थ के सेवन में किसी भी तरह की भारी और लम्बे समय तक कमी से कई गंभीर मेटाबोलिक बीमारियाँ हो सकती हैं।

प्रोटीन की आवश्यकता

इस अवधि में प्रोटीन की आपूर्ति बछिया के स्वास्थ्य, कोलोस्ट्रम की गुणवत्ता, मेटाबोलिक कार्यों और शुरुआती दुग्ध उत्पादन को निर्धारित करती है। आहार में लगभग 13–15% प्रोटीन, जिसमें 65–75% रूमेन डिग्रेडेबल प्रोटीन (RDP) और 25–35% रूमेन अनडिग्रेडेबल प्रोटीन (RUP) होना चाहिए। आगे प्रोटीन की आवश्यकता को मेटाबोलाइजेबल प्रोटीन (MP) और अमीनो अम्ल (मेथियोनीन, लाइसीन और हिस्टिडीन) के संतुलन द्वारा और बेहतर किया जा सकता है।

ऊर्जा आवश्यकता

भ्रूण के विकास, कोलोस्ट्रम उत्पादन और दूध उत्पादन की बढ़ती मांग के लिए पशुओं को तैयार करने हेतु पर्याप्त ऊर्जा आवश्यक है। इस अवधि दुधारू पशुओं की तुलना में कम लगभग 1850–2150 Kcal/kg DM मेटाबोलाइजेबल ऊर्जा (ME) या 1250–1450 Kcal/kg DM नेट ऊर्जा (NE) की आवश्यकता होती है।

फाइबर आवश्यकता

आहार में सही मात्रा में फाइबर (रेशा) रूमेन के बेहतर स्वास्थ्य और कार्य को बनाए रखने में मदद करता है, जो पशु के समग्र स्वास्थ्य और उत्पादन के लिए आवश्यक है। उचित फाइबर की  मात्रा रूमेन एसिडोसिस और एबोमेसल डिस्प्लेसमेंट (DA) जैसी मेटाबोलिक समस्याओं को भी रोकता है। बेहतर रूमेन स्वास्थ्य के लिए आहार में न्यूनतम 25–33% NDF और 19–25% फोरेज (चारा) NDF आवश्यक है।

खनिज आवश्यकता

क्लोज-अप अवधि में कैल्शियम मेटाबोलिज्म को सक्रिय करने, मेटाबोलिक एसिडोसिस विकसित करने, प्रतिरक्षा क्षमता को बढ़ाने और मिल्क फीवर, जेर का रुकना तथा कीटोसिस को रोकने के लिए महत्वपूर्ण है। लगभग -100 से -150 mEq/kg DM DCAD वाला एनायनिक (ऋणायनिक ) आहार कैल्शियम मेटाबोलिज्म को सक्रिय करता है। आहार में कैल्शियम, पोटेशियम और सोडियम कम तथा क्लोरीन और सल्फर अधिक होना चाहिए। मैग्नीशियम का उचित स्तर भी आवश्यक है। सूक्ष्म खनिज जैसे कॉपर (20 मिग्रा./किग्रा.), जिंक (30 मिग्रा./किग्रा.), मैंगनीज (41 मिग्रा./किग्रा.), सेलेनियम (0.3 मिग्रा./किग्रा.), आयोडीन (0.62 मिग्रा./किग्रा.), आयरन (14 मिग्रा./किग्रा.) और कोबाल्ट (0.2 मिग्रा./किग्रा.) पोषक तत्वों के बेहतर उपयोग, प्रतिरक्षा और उत्पादन के लिए जरूरी हैं। इस अवधि में किसी भी खनिज की कमी या अधिकता बाद में गंभीर समस्याएं उत्पन्न कर सकती है।

विटामिन प्रबंधन

इस चरण के दौरान विटामिन पोषण का सीधा प्रभाव सुचारू रूप से ब्याने, जेर के रुकने, थनैला, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस, मेटाबोलिक रोगों और शुरुआती दुग्ध उत्पादन पर पड़ता है। न्यूनतम आवश्यकता के रूप में विटामिन A (7000 IU/किग्रा DM), विटामिन D (2000 IU/किग्रा DM) और विटामिन E (200 IU/किग्रा DM) आवश्यक हैं। इसके अलावा बायोटिन (20 मिग्रा./दिन), नियासिन (12 ग्राम /दिन), कोलीन क्लोराइड (15–30 ग्राम /दिन) और बीटा-कैरोटीन (300–500 मिग्रा./दिन) सफल ट्रांजिशन प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण हैं।

जल प्रबंधन

पानी इस अवधि का सबसे महत्वपूर्ण लेकिन अक्सर नजरअंदाज किया जाने वाला पोषक तत्व है। इस अवस्था में कम पानी पिने से शुष्क पदार्थ का सेवन (DMI), रुमेन-भराव, कैल्शियम अवशोषण और खीस की पैदावार कम हो जाती है, जिससे मिल्क फीवर, कीटोसिस और जेर रुकने का खतरा बढ़ जाता है। स्वच्छ और पीने योग्य पानी हर समय उपलब्ध होना चाहिए।

निष्कर्ष 

क्लोज-अप अवधि दुग्धकाल के दौरान पशुओं के स्वास्थ्य और उत्पादन को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शुष्क पदार्थ सेवन (DMI), प्रोटीन, ऊर्जा, फाइबर, खनिज, विटामिन और पानी जैसे पोषण तत्वों का सही प्रबंधन सफल ट्रांजिशन के लिए आवश्यक है। इन कारकों का संतुलन बनाकर पशु-पालक अपने पशुओं के स्वास्थ्य को बेहतर कर सकते हैं, दूध उत्पादन बढ़ा सकते हैं और इस प्रकार पुरे डेरी फार्म की उत्पादकता को बढ़ा सकते हैं।